view all

हॉकी इंडिया लीग: पंजाब वॉरियर्स ने रांची रेज को 1-0 से हराया

जीत के साथ पंजाब वॉरियर्स के 16 पॉइंट हो गए हैं

IANS

मिंक वान डर वीर्डन के किए गए इकलौते गोल की बदौलत पंजाब वॉरियर्स ने हॉकी इंडिया लीग के पांचवें सीजन में पूर्व चैपिंयन रांची रेज को कड़े मुकाबले में 1-0 से मात दी.

रांची मैच में अधिकांश समय मैदान पर नियंत्रण बनाए रखने में सफल रहा, लेकिन वे इसका फायदा नहीं उठा सके.


इस जीत के साथ पंजाब वॉरियर्स के 16 पॉइंट हो गए हैं, हालांकि छह टीमों की पॉइंट टेबल में दोनों टीमों के स्थानों में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है. रांची तीसरे और पंजाब चौथे स्थान स्थान पर बने हुए हैं.

घरेलू दर्शकों के सामने खेल रही पंजाब ने आक्रामक शुरुआत की. तीसरे मिनट में ही पंजाब ने गोल का मौका बनाया, लेकिन रांची के गुरबाज ने उन्हें बीच में ही रोक दिया.

धीरे-धीरे रांची मैच पर हावी होने लगी. इस बीच एश्ले जैक्सन और क्रिस्टोफर रुर ने तेज आक्रमण किया, लेकिन पंजाब की डिफेंस ने इन दोनों दिग्गजों को रोक दिया.

पंजाब ने आक्रमण के साथ बेहतरीन डिफेंस के जरिए रांची को गोल से महरूम रखा, हालांकि रांची ने भी इस क्वार्टर में मेजबानों को गोल नहीं करने दिया और हर मामले में उससे एक कदम आगे रही.

रांची को 17वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन रुर गेंद को गोलपोस्ट से बाहर खेल बैठे. रांची ने पंजाब पर दवाब बनाए रखा, लेकिन पंजाब ने उसे हावी नहीं होने दिया.

पंजाब को अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर 24वें मिनट में मिला जिसे मिंक ने गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की. पंजाब 1-0 से बढ़त ले चुका था.

एक गोल से पीछे चल रही रांची ने तीसरे हाफ में बारबरी की कोशिश की, लेकिन तालमेल की कमी के कारण वह मौके नहीं बना सकी. रुर कई बार अकेले रह गए और साथी खिलाड़ी की कमी के कारण वह गोल नहीं कर पाए, इसकी नाराजगी उनके चेहरे पर भी साफ दिखी.

40वें मिनट में रांची को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन जैक्सन दोनों बार असफल रहे. इस हाफ में भी रांची ने गेंद अधिकतर समय अपने पास रखी लेकिन वह इसे अंजाम तक नहीं पहुंचा सके.

46वें मिनट में पंजाब को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर मिंक ने गेंद को नेट में डाला, लेकिन रांची ने इस पर वीडियो रेफरल मांगा और रेफरी ने इस गोल को नकार दिया.

पांच मिनट बाद रांची के हिस्से में भी पेनल्टी कॉर्नर आया लेकिन विविधता की कोशिश में गेंद गोलपोस्ट के करीब तक भी नहीं पहुंच पाई. रांची को 57वें मिनट में फिर पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन पंजाब के गोलकीपर क्लमोंस ने शानदार बचाव करते हुए रांची को बराबरी करने से महरूम रखा और अपनी टीम को जीत दिलाई.