view all

हॉकी इंडिया लीग: रांची रेज ने मुंबई को 7-3 से हराया

मुंबई के लिए कप्तान फ्लोरियान ने किए दो गोल

IANS

पूर्व चैंपियन रांची रेज ने हॉकी इंडिया लीग के मुकाबले में मौजूदा चैपिंयन दबंग मुंबई को 7-3 से हरा दिया. मुंबई के लिए कप्तान फ्लोरियान ने दूसरे ही मिनट में गोल दाग अपनी टीम को 2-0 से बढ़त दिला दी.

मुंबई के लिए अफ्फान यूसुफ ने 51वें में एक और गोल दागा, जो पेनल्टी कॉर्नर पर आया. एचआईएल में फील्ड गोल को दो गोल माना जाता है.


शुरुआत से मैच आक्रामक रहा और शुरुआती पांच मिनट में ही दो गोल हुए और दोनों ही गोल दोनों टीमों को कप्तानों ने किए.

रांची के कप्तान एश्ले जैक्सन ने मनप्रीत सिंह से मिले पास पर अपनी टीम का खाता खोला और स्कोर 2-2 से बराबर कर लिया. शुरुआत में ही एक-एक गोल खाने के बाद दोनों टीमें रक्षात्मक हो गईं, हालांकि रांची गेंद पर कब्जा जमाए रखने में सफल रहा.

अपने स्टार खिलाड़ी क्रिस्टोफर के बगैर उतरी रांची ने घरेलू दर्शकों को दूसरे क्वार्टर में खुश होने का एक और मौका दिया. मैच के 16वें मिनट में ओगिल्वे गेंद लेकर तेजी से मुंबई के गोलपोस्ट की ओर बढ़े और गोलपोस्ट के बाईं ओर खड़े मोहम्मद आमिर खान को गेंद पास कर दिया, जिसे आमिर ने नेट की राह दिखा दी.

दूसरे क्वार्टर में मुंबई की गलती से रांची को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वे इसे गोल में तब्दील नहीं कर सके. 27वें मिनट में मुंबई के गोलकीपर डेविड हार्टे ने एक शानदार बचाव किया. हाफ टाइम तक तक रांची ने 4-2 की बढ़त ले ली थी.

हाफ टाइम के बाद तीसरे क्वार्टर में दोनों ही टीमों ने आक्रामकता बढ़ाई. मुंबई को एक पेनल्टी कॉर्नर भी मिला, लेकिन रांची के हरमनप्रीत सिंह ने इसे क्लीयर कर दिया.

तीसरे क्वार्टर के आखिरी मिनटों में 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही मुंबई को गोल का मौका मिला, लेकिन वे चूक गए. तीसरा क्वार्टर और भी रोमांचक रहा, जिसमें तीन गोल हुए.

पेनल्टी कॉर्नर बचाने के प्रयास में रॉबर्ट केंपरमैन के सिर में चोट लगी और रांची को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिस पर जैक्सन ने गोल कर अपनी टीम की बढ़त को 5-2 कर दिया.

करीब 49 मिनट तक गोल के लिए तरस रही मुंबई को पेनल्टी कॉर्नर मिला और इस बार यूसुफ ने इसे गोल में तब्दील करने में कोई गलती नहीं. स्कोर अभी भी 5-3 से रांची के पक्ष में था.

मैच समाप्त होने से तीन मिनट पहले, सरवनजीत सिंह के पास पर इमरान खान ने फील्ड गोल कर अपनी टीम की जीत और पक्की कर दी.