view all

रोहित शर्मा ने सबसे तेज टी-20 शतक के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की

रोहित शर्मा नेे अपनी आतिशी पारी के दौरान और भी कई रिकॉर्ड तोड़े

FP Staff

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में केवल 35 गेंदों पर शतक ठोककर टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम गेंदों पर सैकड़ा पूरा करने के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की. रोहित ने 43 गेंदों पर 118 रन बनाए, जिसमें दस छक्के और 12 चौके शामिल हैं. उन्होंने इस दौरान दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर के सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड की बराबरी की. मिलर ने इसी वर्ष बांग्लादेश के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया था.

रोहित ने अपने पहले 50 रन 23 गेंदों में पूरे किए. इसके बाद उनके बल्ले ने ऐसी आग उगली की अगले 50 रन 12 गेंदों में ही बन गए. पारी के नौवें ओवर में उन्होंने 21 रन बटोरे इसके बाद उन्होंने एक ओवर में लगातार चार छक्के जड़ 34 गेंद पर 97 रन पर आ गए. रोहित ने 35वीं गेंद पर चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया. पारी के 108 रन उन्होंने केवल चौके-छक्के की मदद से बनाए.


यही नहीं रोहित ने अपनी पारी के दौरान भारत की तरफ से टी-20 में उच्चतम स्कोर और एक पारी में सर्वाधिक छक्कों का नया रिकॉर्ड भी बनाया. उन्होंने अपने साथी सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ लॉडरहिल में बनाए गए नाबाद 110 रन को पीछे छोड़कर भारत की तरफ से सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम लिखवाया.

रोहित के 10 छक्के भी भारत की तरफ से नया रिकॉर्ड हैं. इससे पहले युवराज सिंह ने दो अवसरों पर एक पारी में सात-सात छक्के लगाए थे जो अब तक भारतीय रिकॉर्ड था. रोहित ने अपना टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना दूसरा शतक पूरा किया. इस प्रारूप में वह दो शतक लगाने वाले पांचवें बल्लेबाज हैं. उनसे पहले क्रिस गेल, ब्रैंडन मैकुलम, इविन लुईस और कोलिन मुनरो ने यह उपलब्धि हासिल की है.

रोहित और राहुल ने पहले विकेट के लिए 165 रन जोड़े जो इस प्रारूप में भारत की तरफ से नया रिकॉर्ड है. इससे पहले का रिकॉर्ड रोहित और शिखर धवन के नाम पर था. उन्होंने इसी साल न्यूजीलैंड के खिलाफ दिल्ली में 158 रन जोड़े थे.

टी-20 में तेज शतक लगाने वाले शीर्ष सात बल्‍लेबाज

बल्‍लेबाज        देश             विपक्षी टीम    गेंद खेलीं    वर्ष

रोहित शर्मा     भारत              श्रीलंका         35        2017

डेविड मिलर    दक्षिण अफ्रीका   बांग्‍लादेश    35        2017

रिचर्ड लेवी       दक्षिण अफ्रीका   न्‍यूजीलैंड    45        2012

फाफ डु प्‍लेसिस  दक्षिण अफ्रीका   वेस्‍टइंडीज   46      2015

केएल राहुल       भारत               वेस्‍टइंडीज    46      2016

एरोन फिंच        ऑस्‍ट्रेलिया        इंग्‍लैंड        47       2013

क्रिस गेल          वेस्‍टइंडीज         इंग्‍लैंड        47       2016