view all

आईपीएल की मंडी में लगेगी 1000 से ज्यादा क्रिकेटरों की बोली!

युवराज सिंह, क्रिस गेल, जो रूट और शेन वाटसन समेत 1122 खिलाड़ियों ने आईपीएल की आगामी नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है

Bhasha

युवराज सिंह, क्रिस गेल , जो रूट और शेन वाटसन समेत 1122 खिलाड़ियों ने आईपीएल की आगामी नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है.

नीलामी 27 और 28 जनवरी को बेंगलूरू में होगी. इसमें गौतम गंभीर, आर अश्विन, अजिंक्य रहाणे, कुलदीप यादव, मुरली विजय और केएल राहुल की भी बोली लगेगी.


यह सूची आईपीएल की सभी आठ टीमों को भेज दी गई है जिसमें 281 ऐसे खिलाड़ी हैं जो भारत के लिए खेल चुके हैं जबकि 838 नए खिलाड़ी हैं. इनमें 778 भारतीय और तीन एसोसिएट देशों के खिलाड़ी शामिल हैं.

विदेशी खिलाड़ियों में नजरें आस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल, इंग्लैंड के जो रूट, बेन स्टोक्स, क्रिस लिन, ईयोन मोर्गन और ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस पर रहेंगी.

वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों में ड्वेन ब्रावो, कार्लोस ब्रेथवेट, एविन लुईस और जेसन होल्डर शामिल हैं. वहीं साउथ अफ्रीका के हाशिम अमला, फाफ डु प्लेसिस, क्विंटोन डिकाक, डेविड मिलर, मोर्नी मोर्कल और कागिसो रबाडा नीलामी का हिस्सा होंगे.

न्यूजीलैंड के केन विलियमसन, कोलिन मुनरो, टाम लाथम नीलामी का हिस्सा होंगे. अफगानिस्तान के 13, बांग्लादेश के आठ, आयरलैंड के दो , जिम्बाब्वे के सात और अमेरिका के दो खिलाड़ी इसमें शामिल होंगे.

भारत के 282 क्रिकेटरों के अलावा बाकी टीमों के खिलाड़ियों की संख्या इस तरह है

अफगानिस्तान-     13

ऑस्ट्रेलिया-          58

बांग्लादेश-           08

इंग्लैंड-               26

आयरलैंड-          02

न्यूजीलैंड            30

स्कॉटलैंड           01

साउथ अफ्रीका    57

श्रीलंका             39

यूएस                02

वेस्टइंडीज         39

जिम्बाब्वे            07