view all

BJP ने मिजोरम में जारी किया घोषणा पत्र, कहा-मिजो भाषा को आठवीं अनुसूची में जोड़ा जाएगा

पहले बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह घोषणा पत्र जारी करने वाले थे लेकिन वे वहां पहुंच नहीं सके और राम माधव ने इसे जारी किया

FP Staff

भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है. घोषणा पत्र जारी करने के साथ ही पार्टी ने वादा किया कि प्रदेश की राजकीय भाषा मिजो को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया जाएगा.

घोषणा पत्र में पार्टी ने सरकार बनने पर एक रुपए प्रति किलोग्राम चावल, प्रत्येक बेघर परिवार को मकान और तीन साल के भीतर यातायात की समस्या से मुक्त आइजोल देने की घोषणा की है. इसी के साथ घोषणा पत्र में अगले छह महीने में हर मौसम में इस्तेमाल वाली गड्ढे मुक्त सड़कें देने का वादा किया गया है.


बीजेपी ने मिजोरम में अगले पांच साल में 50 हजार नौकरियां सृजित करने, दो मेडिकल कॉलेज स्थापित करने, तीन इंजीनियरिंग कॉलेज का निर्माण करने और कई नर्सिंग प्रशिक्षण संस्थान शुरू करने का भी वादा किया है.

बीजेपी महासचिव राम माधव ने मिजोरम में घोषणा पत्र जारी किया. हालांकि पहले बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह इसको जारी करने वाले थे लेकिन वे वहां पहुंच नहीं सके और राम माधव ने इसे जारी किया. गौरतलब है कि मिजोरम में 28 नवंबर को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होना है. इन चुनावों के नतीजे 11 दिसंबर को अन्य चार राज्यों के साथ किया जाएगा.

(भाषा से इनपुट)