view all

अपने विदेश यात्रा पर श्वेतपत्र जारी करें CM शिवराज: नेता प्रतिपक्ष

मध्य प्रदेश के किसानों को उनके हाल पर छोड़कर मुख्यमंत्री अमेरिका यात्रा पर गए, अब वह बताएं कि 7 दिन के अमेरिके दौरे की उपलब्धियों में ऐसा क्या है जिससे प्रदेश के किसानों को राहत मिलेगी

Bhasha

मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से उनकी अब तक की विदेश यात्राओं के नतीजे पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है.


कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक और नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल में वर्ष 2005 से लेकर अब तक लगभग 15 विदेश यात्राएं की हैं. इन यात्राओं में उनके साथ गए शासकीय और अशासकीय लोगों के नाम, उन पर हुए खर्च, जिन कंपनियों से बात हुई है उनके नाम, उनके साथ किए गए अनुबंधों के साथ हर यात्रा के बाद प्रदेश को और यहां की जनता को क्या लाभ पहुंचा है, इसका ब्योरा दिया जाना चाहिए.

अजय सिंह ने कहा कि अमेरिका दौरे के पहले मैंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया था कि प्रदेश का किसान संकट में है, ऐसे समय में वह विदेश यात्रा पर न जाएं. वह यात्रा के बजाए किसानों को उपज का सही मूल्य मिले इस पर ध्यान दें. लेकिन किसानों को उनके हाल पर छोड़कर मुख्यमंत्री अमेरिका यात्रा पर गए, ऐसे में अब वह बताएं कि सात दिन की अमेरिका यात्रा की उपलब्धियों में ऐसा क्या है जिससे प्रदेश के किसानों को राहत मिलेगी.

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री की विदेश यात्राओं पर मध्य प्रदेश की जनता की गाढ़ी कमाई का करोड़ों रुपया खर्च हुआ, इसलिए प्रदेश की जनता को यह मालूम होना चाहिए कि उनकी विदेश यात्राओं से इस प्रदेश के हितों से जुड़ी जमीनी हकीकत क्या है.

अजय सिंह ने मुख्यमंत्री से यह भी कहा कि पिछली अमेरिका यात्रा के दौरान वह कई कंपनियों के प्रतिनिधियों से मिले थे. उनके साथ हुई बातचीत के बाद मध्य प्रदेश में किन-किन कंपनियों ने कहां-कहां निवेश किया है, इसकी जानकारी भी दें.