view all

Chhattisgarh Election Results: राहुल कार्यकर्ताओं को फोन कर पूछ रहे हैं- किसे बनाएं सीएम?

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पास राहुल गांधी की ओर से रिकॉर्डेड कॉल्स आ रही हैं

FP Staff

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को अकल्पनीय जीत मिली है. यहां पार्टी ने बीजेपी का सूपड़ा साफ कर दिया है. राज्य की 90 सीटों में से पार्टी को जनता ने 68 सीटें दी हैं, जबकि सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी महज 15 सीटों पर सिमटकर रह गई है.

हार की घोषणा होने के बाद मुख्यमंत्री रमन सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. 15 सालों बाद अब राज्य में कांग्रेस का सीएम होगा.


अब कांग्रेस किसको राज्य का मुख्यमंत्री चुने, इसपर माथापच्ची हो रही है. और राहुल गांधी सीएम चुनने के लिए नया प्रयोग कर रहे हैं. दरअसल, खबर है कि राहुल गांधी खुद कार्यकर्ताओं से पूछ रहे हैं कि राज्य में सीएम किसको बनाया जाए.

एबीपी न्यूज के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पास राहुल गांधी की ओर से रिकॉर्डेड कॉल्स आ रही हैं, जिसमें राहुल गांधी कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देने के बाद उनसे सीएम की पसंद पूछ रहे हैं.

बता दें कि राज्य में कांग्रेस के दो बड़े नेता हैं, जिनके नामों में से एक के नाम पर मुहर लग सकती है. यहां कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल काफी मजबूत चेहरा हैं और सीधी सी बात है कि सीएम का उम्मीदवार उन्हें माना जा रहा है. लेकिन नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव भी सीएम की दौड़ में शामिल हैं.

इसके अलावा एक नाम और हैं, जिनकी चर्चा है. वो हैं ताम्रध्वज साहू. खबर है कि कांग्रेस ने ऑफलाइन रिकॉर्ड पर राज्य में प्रचार किया था कि अगर राज्य में उसकी सत्ता आती है, तो वो साहू समाज से किसी को मुख्यमंत्री बनाएगी. इसलिए उनके नाम पर भी मुहर लगने की संभावना है.