view all

अब बरखा सिंह ने झटका 'हाथ', राहुल और माकन पर फोड़ा ठीकरा

बरखा सिंह ने राहुल गांधी की क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि, वो पार्टी का नेतृत्व करने में नाकाम हैं

IANS

एमसीडी चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और झटका लगा है. अरविंदर सिंह लवली के बाद गुरुवार को बरखा सिंह ने कांग्रेस की महिला शाखा के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया.

अपने इस्तीफे के लिए उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन को जिम्मेदार ठहराया है.


दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष बरखा सिंह ने कहा, 'राहुल गांधी और अजय माकन के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने महिला सशक्तिकरण और महिला सुरक्षा मुद्दों का इस्तेमाल केवल वोट लेने के लिए किया. उनका मुद्दे से कोई लेना-देना नहीं है.'

बरखा सिंह ने राहुल गांधी और अजय माकन पर जमकर निशाना साधा है (फोटो: फेसबुक से साभार)

बरखा सिंह ने कहा, 'कांग्रेस में जब मैं खुद असुरक्षित थी, फिर उस संगठन में रहकर मैं महिलाओं को कैसे सशक्त कर सकती थी. इसलिए मैंने दिल्ली महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया.'

पार्टी का नेतृत्व करने में राहुल गांधी नाकाम

बरखा सिंह ने राहुल गांधी की क्षमता पर सवाल उठाने वाले पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के बयान का हवाला देते हुए कहा, 'पार्टी का नेतृत्व करने में कांग्रेस उपाध्यक्ष नाकाम हैं.'

उन्होंने कहा कि, इसी कारण से कांग्रेस के कई नेता पार्टी छोड़ गए हैं. राहुल गांधी संगठन में मौजूद मुद्दों का समाधान करने के अनिच्छुक हैं. राहुल गांधी क्यों उन नेताओं की बैठक नहीं लेना चाहते, जो उनसे सवाल पूछते हैं.'

बरखा सिंह ने राहुल गांधी पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि, 'वह केवल चाटुकारों की बैठक लेने के इच्छुक हैं, उन नेताओं के नहीं, जो उनसे सवाल पूछते हैं.'

(फोटो: पीटीआई)

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर सीधा-सीधा हमला बोलने के बाद अब माना जा रहा है कि, बरखा सिंह कांग्रेस में अधिक दिनों की मेहमान नहीं हैं.