view all

#MeToo: नाइजीरिया दौरे से बीच में नहीं, दो दिन बाद रविवार को लौटेंगे एमजे अकबर

अधिकारियों ने बताया कि वह एक्वाटोरियल गुएना का दौरा करने के बाद ही लौटेंगे

FP Staff

केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर पर अब तक 9 महिलाओं ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है. अकबर नाइजीरिया गए थे. खबर थी कि अकबर अपना ट्रिप बीच में ही खत्म करके भारत लौट सकते हैं. लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है. विपक्ष जहां बार-बार अकबर के इस्तीफे की मांग कर रहा है. वहीं अकबर ने अपना ट्रिप घटाने के बजाय दो दिन के लिए बढ़ाया दिया है. अधिकारियों ने बताया कि वह एक्वाटोरियल गुएना का दौरा करने के बाद ही लौटेंगे. इस हिसाब से माना जा रहा है कि अकबर रविवार तक ही देश लौट पाएंगे.

अकबर के भविष्य पर सोच समझ कर लिया जाएगा फैसला


इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार और पार्टी के एक बड़े अधिकारी ने बताया कि अकबर के भविष्य पर सोच समझ कर फैसला लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि मामला अभी विचाराधीन है लेकिन उनका जवाब भी महत्वपूर्ण है. रिपोर्ट के मुताबिक, इस मसले पर बीजेपी और सरकार के बीच भी चर्चा हुई है.

उन्होंने कहा कि निर्णय लेने में हमें सावधानी बरतनी होगी. हम नहीं चाहते हैं कि इसमें घुटने टेकने जैसी प्रतिक्रिया हो. यह महिलाओं की सुरक्षा के बारे में है जो प्रधानमंत्री के लिए एक महत्वपूर्ण मुद्दा है, इसलिए इसे अनदेखा नहीं किया जा सकता है. अधिकारी ने कहा कि अकबर पर लगाए गए कुछ मामले बहुत ही गंभीर हैं.

#MeToo अभियान के तहत कुछ महिला पत्रकारों ने अकबर पर आरोप लगाए हैं कि पत्रकार रहने के दौरान उन्होंने यौन उत्पीड़न किया था. इन आरोपों पर विदेश राज्य मंत्री अकबर की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.