view all

देश में लू का कहर जारी, पारा हुआ 48 डिग्री के पार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिली

Bhasha

देश के कई हिस्सों में रविवार को गर्मी का प्रकोप जारी रहा और पंजाब के बठिंडा का अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

महाराष्ट्र के नासिक में भारी बारिश और गरज के साथ छींटे पड़े और राज्य में शनिवार को बिजली गिरने की घटना में तीन लोगों की मौत हो गयी.


राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिली और अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. नमी का स्तर 44 और 15 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया.

पंजाब और हरियाणा में लू का भयानक प्रकोप जारी रहा और बठिंडा का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

पंजाब में बठिंडा के बाद अमृतसर सबसे गर्म रहा और यहां का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक 47.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

यूपी और बिहार भी झुलसे 

चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछले पांच साल में अधिकतम तापमान है.

राजस्थान के कुछ स्थानों पर शनिवार से हल्की बारिश हुई, साथ ही कुछ स्थानों पर तापमान में बढ़ोतरी से जनजीवन प्रभावित हुआ.

उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर भी गर्मी का प्रकोप जारी रहा और बांदा का अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

बिहार में भी लोगों को गर्मी और शुष्क मौसम का सामना करना पड़ा और गया का अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.