view all

श्रीलंकाई नौसेना ने 48 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार

उन्होंने चेतावनी में हवा में गोलियां चलाईं और मछुआरों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा

Bhasha

श्रीलंका की नौसेना ने मंगलवार को तमिलनाडु से 48 मछुआरों को गिरफ्तार किया. मछुआरों की गिरफ्तारी से पहले उन्होंने चेतावनी देने के लिए हवा में गोली चलाई थी. आधिकारिक सूत्रों ने ये जानकारी दी.

मत्स्य पालन विभाग के सहायक निदेशक शिवकुमार ने बताया कि श्रीलंका की नौसेना ने मछुाआरों की 12 मशीनीकृत नौकाओं को भी ज़ब्त किया. उन्होंने कहा कि मछुआरे पुडुकोट्टई और जगदपट्टनम जिलों के रहने वाले है, जिन्हें श्रीलंकाई नौसेना कर्मी कानगेसनतुरई ले गए.


नौसेना कर्मियों ने कथित रूप से अपनी नौकाओं से उनकी मशीनीकृत नौकाओं में ठोकर मारी जिसके प्रभाव से चार मछुआरे समुद्र में गिर गए, हालांकि नौसेना कर्मियों ने उन्हें तत्काल बचा लिया.

बाद में उन्होंने चेतावनी स्वरूप हवा में गोलियां चलाईं और मछुआरों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा. मछुआरों ने भी नौसेना कर्मियों के आदेश का पालन करते हुए आत्मसमर्पण कर दिया. मछुआरों को बाद में कानगेसनतुरई ले जाया गया.