view all

श्रीलंका की नौसेना ने 1500 से ज्यादा भारतीय मछुआरों को खदेड़ा

श्रीलंकाई नौसेना ने 23 जनवरी को भी कचीथीवू द्वीप के नजदीक से करीब 2 हजार मझुआरों को खदेड़ दिया था

FP Staff

कचीथीवू द्वीप के नजदीक कथित रूप से मछली पकड़ रहे तमिलनाडु के 1500 से ज्यादा मछुआरों को श्रीलंका की नौसेना ने खदेड़ दिया.

राज्य मशीनीकृत नौका संघ ने दावा किया कि रामेश्वरम के मछुआरे 383 नौकाओं में सवार होकर सोमवार को समुद्र में गए थे और कचीथीवू द्वीप के पास मछली पकड़ रहे थे. मझली पकड़ते समय ही श्रीलंका की नौसेना के कर्मी वहां आ गए और उन्हें वहां से भगा दिया.


‘तमिलनाडु सी शोर मेकनाइज्ड बोट असोसिएशन’ के अध्यक्ष पी. सेसुराजा ने बताया कि वे सभी मछली पकड़े बिना मंगलवार सुबह तट पर वापस आ गए.

उन्होंने केंद्र से इस स्थिति में दखल देने और भारतीय मछुआरों पर बार-बार हो रहे हमलों को रोकने के लिए कदम उठाने का अनुरोध किया तथा श्रीलंका की जेलों में बंद 133 मछुआरों को रिहा कराने की भी गुजारिश की.

इस घटना के बाद रामनाथपुरम जिले के मझुआरों ने श्रीलंकाई नौसेना द्वारा लगातार हो रहे हमलों की निंदा करते हुए एक प्रदर्शन भी किया.

श्रीलंकाई नौसेना ने 23 जनवरी को भी कचीथीवू द्वीप के नजदीक से करीब 2 हजार मझुआरों को खदेड़ दिया था. नौसेना कर्मियों ने मझुआरों पर पत्थर भी फेंके थे और उनके जाल को भी नुकसान पहुंचाया था.

(एजेंसी इनपुट के साथ)