view all

श्रीलंकाई नौसेना ने 48 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया

गिरफ्तार सभी मछुआरे तमिलनाडु के पुडुकोट्टई और जगदपट्टनम जिलों के रहने वाले हैं

Bhasha

श्रीलंका की नौसेना ने मंगलवार को 48 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्रीलंकाई नौसैनिकों ने मछुआरों की गिरफ्तारी से पहले उन्होंने चेतावनी देने के लिये हवा में गोली चलाई थी.

मत्स्य पालन विभाग के सहायक निदेशक शिवकुमार ने रामेश्वरम में पीटीआई-भाषा को बताया कि श्रीलंका की नौसेना ने मछुआरों की 12 मशीनीकृत नौकाओं को भी जब्त किया.


उन्होंने कहा कि मछुआरे तमिलनाडु के पुडुकोट्टई और जगदपट्टनम जिलों के रहने वाले हैं, जिन्हें श्रीलंकाई नौसेना कर्मी गिरफ्तार कर कानगेसनतुरई ले गए.

नौसेना कर्मियों ने कथित रूप से अपनी नौकाओं से उनकी मशीनीकृत नौकाओं में टक्कर मारी जिसके झटके से नौका पर सवार चार मछुआरे समुद्र में गिर गए, हालांकि नौसेना कर्मियों ने उन्हें फौरन पानी से बाहर निकालकर बचा लिया.

बाद में उन्होंने चेतावनी देते हुए हवा में फायरिंग की और मछुआरों को सरेंडर करने के लिए कहा. जिसपर मछुआरों ने नौसेना के आगे आत्मसमर्पण कर दिया.