view all

कश्मीर की शीतलहर और लेह के -15.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच और गिर सकता है दिल्ली का पारा

इन दिनों दिल्ली की हवाएं उत्तर-पश्चिम दिशा से बह रही हैं, जिसके कारण बर्फीली हवाओं ने दिल्लीवासियों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है

Bhasha

 कश्मीर में चल रही शीत लहर और लद्दाख क्षेत्र में लेह के अधिकांश स्थानों पर तापमान में गिरावट दर्ज होने के बाद दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. इस बार की ठंड ने बीते चार सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. आखिरी बार बीते 28 दिसंबर, 2014 को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था.


इन दिनों दिल्ली की हवाएं उत्तर-पश्चिम दिशा से बह रही हैं, जिसके कारण बर्फीली हवाओं ने दिल्लीवासियों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है. माना जा रहा है कि दिल्ली का न्यूनतम तापमान में सामान्य से तीन डिग्री तक नीचे बना रहेगा.

उधर मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात लेह का न्यूनतम तापमान शून्य से 15.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. अधिकारियों ने बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.

अधिकारियों ने बताया कि घाटी के प्रवेशद्वार शहर काजीकुंड का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि नजदीकी कोकेरनाग शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.

वहीं उत्तर कश्मीर स्थित कुपवाड़ा का शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 6.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में कहा है कि बुधवार तक मौसम शुष्क रहेगा .